रुदौली (अयोध्या)। बाबा बाजार थाना क्षेत्र के चन्द्रामऊ मंगा गांव में चचेरे भाई पर अपनी चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 जुलाई की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि पीड़िता घर की छत पर सो रही थी। इसी दौरान उसका चचेरा भाई, जिसकी छत घर से जुड़ी हुई है, वहां पहुंचा और कथित रूप से उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया।
पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों की मौजूदगी में दोनों की शादी कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनने पर पीड़िता के पिता ने बाबा बाजार थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों बालिग हैं। तहरीर के आधार पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई और जांच कर रही है।