नंदुरबार (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शहादा स्थित एक हॉस्टल में भोजन करने के बाद अचानक 40 छात्र बीमार पड़ गए। इनमें से 25 छात्रों की हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य छात्रों का प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला मजिस्ट्रेट मिताली सेठी अस्पताल पहुंचीं और भर्ती छात्रों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेने के साथ ही छात्रों के स्वास्थ्य की निगरानी के निर्देश दिए।
प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में प्रभावित छात्रों में फूड पॉइजनिंग और गैस्ट्राइटिस के लक्षण पाए गए हैं। सभी छात्रों का इलाज जारी है और अधिकांश की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हॉस्टल में परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि छात्रों के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।