रुदौली (अयोध्या)
अयोध्या जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बाबा बाजार थाना क्षेत्र के रेछ गांव निवासी घनश्याम यादव (32 वर्ष) की उत्तराखंड के देहरादून में अचानक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह संजय नगर कॉलोनी स्थित एक किराना दुकान पर सामान खरीदने गए थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई, जिसमें घनश्याम सामान लेते समय अचानक जमीन पर गिरते दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घनश्याम के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक घनश्याम यादव अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए देहरादून में मजदूरी कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घनश्याम अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
देहरादून पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव पैतृक गांव रेछ पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के पिता का नाम राजाराम यादव है। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल, घनश्याम यादव की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।