आजमगढ़, 15 जुलाई। जनपद आजमगढ़ की दिव्यांग छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ई-ट्राइसाइकिल योजना का शुभारंभ करते हुए पात्र छात्राओं से आवेदन करने की अपील की है। योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को स्कूल, कॉलेज, प्रशिक्षण संस्थान, लाइब्रेरी, लैब और हॉस्टल तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राएं, जो किसी विद्यालय, महाविद्यालय अथवा प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं, इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को अधिकतम 65 हजार रुपये तक की ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जो मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया सहित अन्य शारीरिक दिव्यांगता से प्रभावित हैं तथा मानसिक रूप से स्वस्थ होने के साथ ई-ट्राइसाइकिल चलाने में सक्षम हों। दिव्यांगता प्रमाण-पत्र मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित होना अनिवार्य है। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में किसी अन्य योजना से ई-ट्राइसाइकिल प्राप्त करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
आवेदन करने के लिए संबंधित शिक्षण या प्रशिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक छात्राएं अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, आजमगढ़ से संपर्क कर सकती हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शान्त प्रकाश श्रीवास्तव ने पात्र छात्राओं से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।