बिजौली मकान भरभराकर गिरा, खाट पर सो रहे तीन लोग बाल-बाल बचा

7 / 100 SEO Score

सत्य सवेरा संवाददाता

मार्टिन गंज आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौली में मंगलवार भोर करीब तीन बजे विनय राय उर्फ पकौड़ी पुत्र स्वर्गीय किशुन राय का रिहायशी कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के तीन सदस्य खाट पर सो रहे थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान गिरने से एक बाइक, करीब 22 कुर्सियां, पंखा समेत घर-गृहस्थी का अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि कच्चे मकान में रहने के बावजूद अभी तक उन्हें सरकार की आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने कई बार आवास के लिए प्रस्ताव भी बनवाकर संबंधित स्तर पर दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस सहायता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस, ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल तथा लेखपाल चंद्रशेखर गिरी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। लेखपाल ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से मिलने वाली नियमानुसार सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बताया गया कि पीड़ित परिवार में मंगलवार को मृतक मां की तेरहवीं का भंडारा भी होना था। इसी बीच भोर में मकान गिरने की घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार सरकारी सहायता तथा पात्रता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि परिवार को सुरक्षित आशियाना मिल सके।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!