बरदह बाजार बचाने को लामबंद हुए किसान-व्यापारी, बाईपास की मांग पर आंदोलन की चेतावनी

7 / 100 SEO Score

सत्य सवेरा संवाददाता बरदह

बरदह (आजमगढ़)। राष्ट्रीय राजमार्ग-128ए (NH-128A) के चौड़ीकरण और प्रस्तावित सिक्सलेन निर्माण को लेकर बरदह बाजार व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। बरदह बाजार को बचाने तथा उपजाऊ कृषि भूमि को प्रभावित होने से रोकने की मांग को लेकर किसान, व्यापारी और ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। मंगलवार को हुई बैठक में लोगों ने एक स्वर में बाजार के बीच से हाईवे निकालने के बजाय बाहर से बाईपास निर्माण कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रस्तावित हाईवे बरदह बाजार के बीच से गुजरा तो वर्षों से स्थापित दुकानें, मकान और कारोबार प्रभावित होंगे। इससे बड़ी संख्या में व्यापारियों और परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। किसानों ने कृषि भूमि के प्रभावित होने को लेकर भी चिंता जताई और मांग की कि एलाइनमेंट को लेकर पुनः सर्वे कराया जाए।
बाजार के बाहर से हो बाईपास निर्माण
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि बरदह जैसे घनी आबादी वाले बाजार के बीच से सिक्सलेन निकालने के बजाय बाहर से बाईपास बनाया जाना क्षेत्रहित में होगा। इससे बाजार और आबादी सुरक्षित रहेगी तथा भविष्य में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या से भी राहत मिल सकती है। लोगों ने स्पष्ट कहा कि बरदह बाजार को बचाते हुए बाईपास को प्राथमिकता दी जाए।
डीएम को देंगे ज्ञापन, मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी करेंगे शिकायत
बैठक में निर्णय लिया गया कि अपनी मांग को लेकर ग्रामीण और व्यापारी बुधवार को आजमगढ़ सिविल कोर्ट पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के साथ ही मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी। लोगों ने कहा कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से बरदह बाजार के लिए तत्काल बाईपास की व्यवस्था करने तथा हाईवे की प्रस्तावित कार्ययोजना पर पुनर्विचार करने की मांग की है। बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि विकास कार्य का विरोध नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर बरदह बाजार और लोगों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी बाजार वासियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसे पर पैसे के लेनदेन और तमाम तरह की कार्रवाइयों का कार्यक्रम बनाने का भी निर्णय लिया।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में मनोज सिंह, रामलाल यादव, डॉ. रमाकांत राय, अशोक तिवारी, शिव प्रकाश तिवारी, राजेश तिवारी, विशाल तिवारी, मौलवी मास्टर, हनीफ, वकील पांडेय, संजय राय, देवेंद्र मौर्य, राजू गुप्ता, रामचरण गुप्ता, रामचंद्र, विनय विश्वकर्मा, त्रिलोकी राय, अनिल तिवारी, गोपाल यादव, तारकेश्वर, शिवशंकर जायसवाल, योगेश, राममिलन गुप्ता, राकेश तिवारी, मनोज तिवारी, वीरू राय, दामोदर तिवारी, मिलन जायसवाल, रमाशंकर गुप्ता, दिलीप जायसवाल, हेमंत तिवारी, जय विजय राय, वीरेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में बरदह बाजार के व्यापारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!