संग्रामपुर/अमेठी। थाना संग्रामपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत चोरियों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक बैट्री बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के कुशल नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 20 सितंबर 2026 को थाना संग्रामपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सूरज कोरी पुत्र दुखी कोरी, निवासी ग्राम धौरहरा, थाना संग्रामपुर, जनपद अमेठी तथा गोकुल मिश्रा पुत्र हरिश्चन्द्र मिश्रा, निवासी कस्बा अठगंवा, थाना अंतू, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद मोबाइल फोन और बैट्री चोरी की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि 13 अगस्त 2026 को मौहरिया भावलपुर में चंचल तिवारी के डंपर से तीन बैटरियां चोरी की थीं। इनमें से दो बैटरियां बेच दी गईं, जबकि एक बैट्री बरामद हुई है।
इसके अलावा 17 सितंबर 2026 को धौरहरा बाजार में एक व्यक्ति की जेब से मोबाइल चोरी करने की बात भी आरोपियों ने बताई। आरोपियों के अनुसार, अन्य 20 मोबाइल फोन ट्रेन में पानी बेचते समय तथा अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे। बरामद सामान के संबंध में पुलिस द्वारा कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौम्य कुमार जायसवाल, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार गिरि, कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल प्रदीप गुप्ता और कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार आरोपी गोकुल मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना अंतू, जनपद प्रतापगढ़ में वर्ष 2015 में धारा 504, 506 भादवि तथा वर्ष 2023 में धारा 4/5 विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।