रिपोर्ट-एजाज अहमद के साथ मु० सरफराज
उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया से है जहा किसान महाविद्यालय में शासन विश्वविद्यालय द्वारा आवंटित राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई द्वय द्वारा प्रत्येक वर्ष शीतकालीन अवधि में क्षेत्र के किसी एक या एक से अधिक ग्राम का चयन कर वहां के निराश्रितों, विधवाओं, निस्सहायों तथा दिव्यांगों को कंबल वितरित किए जाने का कार्य किया जाता रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा गोद लिए गए ग्राम चक उजियारी स्थित केसरी प्रसाद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि डॉ० कृष्ण कुमार सिंह, समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया,विशिष्ट अतिथिद्वय श्री भुवनेश्वर यादव , पूर्व अध्यक्ष, जिला पंचायत बलिया व ग्राम सभा बड़सरी के प्रधान श्री शिवानंद तिवारी रहे।
कार्यक्रम में चक उजियारी एवं बड़सरी ग्राम के कुल 125 निराश्रितों, विधवाओं, निस्सहायों व दिव्यांगों को कंबल प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय कुमार शुक्ल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में संचालित छह(6) जन कल्याणकारी विशिष्ट योजनाओं से जनमानस को अवगत कराया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में स्वयंसेवक/स्वयंसेविकाओं को समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के संस्थापक व प्रबंधक श्री लल्लन सिंह ने अपने उद्बोधन में छात्र धर्म पर व्यापक प्रकाश डालते हुए सामाजिक गतिविधियों में स्वयं सेवक/स्वयं सेविकाओं को अपनी भूमिका निर्वहन करने का निर्देश दिया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी द्वय श्री संजय कुमार शुक्ल एवं डॉ० अश्विनी कुमार पांडेय के निर्देशन में दोनों इकाइयों के 189 स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय रूप से भागीदारी की।
कार्यक्रम का संचालन बी०एल०एड०विभाग के सहायक आचार्य श्री अनिल कुमार यादव ने किया। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ०अभय नाथ सिंह ने समस्त जन का आभार व्यक्त किया।