प्रदेश के 2363 राजकीय विद्यालयों में तैनाती में असमानता
प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में बार-बार आदेश के बावजूद शिक्षकों का समायोजन नहीं हो पा रहा। प्रदेश के 2363 राजकीय विद्यालयों में छह साल और 4512 एडेड कॉलेजों में सवा साल में भी समायोजन में विफल माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एक बार फिर से प्रक्रिया शुरू की है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेन्द्र देव ने 22 दिसंबर 2023 को एडेड कॉलेजों और दस जनवरी 2024 को राजकीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के समायोजन के आदेश दिए हैं।विभाग के अफसर राजकीय स्कूलों में छात्रसंख्या के आधार पर सरप्लस शिक्षकों का समायोजन करना चाहते हैं, जबकि शिक्षक संगठन सृजित पद पर कार्यरत शिक्षकों को हटाने के विरोध में हैं। इसी विवाद के कारण 2018 के बाद से समायोजन नहीं हो सका है। निदेशक ने इस बार मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में समायोजन के लिए समिति गठित की है। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक समिति के सदस्य होंगे। समिति को मंडल स्तर पर सरप्लस शिक्षकों की सूचना 20 जनवरी तक ई-मेल से देनी है।