कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड पर होगा क्यूआर कोड

मऊ।यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए परिषद द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इस बार कक्ष निरीक्षकों को दिए जाने वाले आईकार्ड को ऑनलाइन कर दिया है। प्रयागराज कार्यालय से कर्मियों के आईकार्ड जारी होंगे और इन पर क्यूआर कोर्ड होगा।कार्ड को स्कैन करते ही कर्मचारियों का पूरा डाटा खुल जाएगा और वहां से यह चेक किया जा सकेगा कि संबंधित कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाई थी वह सत्यापित है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू होगी। इस बार बोर्ड परीक्षा में 84284 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल में 43066 और इंटरमीडिएट में 41218 परीक्षार्थियों के कुल 115 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं परीक्षा को नकलविहीन रूप से संपन्न कराने कराने के लिए बोर्ड द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड में बदलाव किया गया है। इस बार कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड में उनके अध्यापन का विषय भी अंकित होगा। जिससे उस पेपर के समय उनकी ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के तौर पर ना लगाई जा सके। क्यूआर कोड व क्रमांकयुक्त डिजिटल आईकार्ड को डीआईओएस के पोर्टल से प्रारूप डाउनलोड करेंगे। आईकार्ड पर आंवटित परीक्षा केंद्रों की जानकारी अंकित की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण एवं परीक्षा से संबंधित अन्य कार्यों के लिए शिक्षकों, प्रिंसिपल व अन्य कर्मियों की ड्यूटी डीआईओएस स्तर से ही लगाई जाएगी।
बोर्ड के पोर्टल से डाउनलोड होंगे आईकार्ड मऊ। कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड यूपी बोर्ड के पोर्टल से डाउनलोड होंगे। विभाग के अनुसार यह आई कार्ड सीधे प्रयागराज बोर्ड कार्यालय से जारी होंगे और दो सप्ताह पहले इन्हें ऑनलाइन कर दिया जाएगा। क्यूआर कोड पर शिक्षकों का पूरा डाटा होगा और उसकी ड्यूटी कहां लगी है यह भी उसमें होगा। परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षकों की अदला-बदली न हो सके इसके लिए क्यूआर कोड को अब अनिवार्य कर दिया है।
ऑनलाइन जाएगी परीक्षाओं की रिपोर्ट
मऊ। केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कैसी चल रही हैं, इसकी पूरी रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को जिले से जाएंगी। इसके अलावा कक्षों के सीसीटीवी कैमरे जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगे। इस संबंध में डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं में बोर्ड ने बड़ा बदलाव किया है। कक्ष निरीक्षकों के कार्ड पर क्यूआर कोड होगा और पूरी रिपोर्ट बोर्ड को ऑनलाइन भेजी जाएगी। बोर्ड से इसके लिए आदेश आ गए हैं, इसी के आधार पर दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं को जिले में संपन्न कराया जाएगा।
ड्यूटी पर लगेंगे चार हजार शिक्षक
मऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में ड्यूटी के लिए जिले में 4 हजार से ऊपर शिक्षकों की आवश्यक्ता पड़ेगी। इसके लिए बोर्ड को माध्यमिक में तैनात शिक्षकों का ब्यौरा मांगा है। इसके अलावा कक्ष निरीक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके साथ ही बोर्ड ने शिक्षकों के सेवानिवृत्त, निलम्बित होने, दूसरे जिले और जिले के अंदर तबादला होने, संबंद्ध होने के साथ डिबार शिक्षकों के बारे में जानकारी देते हुए उनका नाम सूची से अलग कर मांगा है। इसके बारे में विभाग के कर्मचारी स्कूलों से सूचना एकत्र कर बोर्ड को भेजे हैं। इसके लिए विभाग तैयारी कर रहा है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!