आजमगढ़।रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट आजमगढ़ व सीआईबी वाराणसी की टीम ने फर्जीवाड़ा कर रेल टिकट बनाकर बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उसे सगड़ी तहसील क्षेत्र के लाटघाट बाजार से पकड़ा गया।उसके पास से करीब 70 हजार रुपये के 33 ई-टिकट बरामद किए गए हैं।
आजमगढ़ आरपीएफ थाने के प्रभारी रमेशचंद्र मीना और सीआईबी वाराणसी के निरीक्षक अभय कुमार राय ने टीम के साथ शुक्रवार को लाटघाट बाजार में छापा मारा। इस दौरान ऑनलाइन सर्विस के संचालक राजकुमार प्रजापति पुत्र महेंद्र प्रजापति निवासी गड़ेरुआ थाना जीयनपुर को पकड़ा गया। छानबीन के दौरान पता चला कि वह एजेंट आईडी की आड़ में व्यक्तिगत यूजर आईडी से टिकट बनाता था। जरूरतमंद ग्राहकों को सामान्य आरक्षित ई-टिकट सौ से दो सौ और तत्काल आरक्षित ई-टिकट दो से तीन सौ रुपये लेकर बेचता था। उसके पास से 69797.89 रुपये के कुल 33 ई-टिकट बरामद हुए। इसके साथ एक लैपटॉप, प्रिंटर और मोबाइल बरामद हुआ। उसके खिलाफ आरपीएफ ने मुकदमा दर्ज किया है।