आजमगढ़: यूपी बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। शासन ने आजमगढ़ मंडल के तीनों जिलों को अति संवेदनशील घोषित किया है। इन जिलों में बने केंद्रों की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी होगी। इसके लिए मंडलायुक्त, डीएम, डीआईजी व शिक्षा अधिकारियों को इन जिलों में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा दीपक कुमार की ओर से अति संवेदनशील जिलों में ज्यादा उड़ाका दस्ते बनाने के साथ-साथ यहां कंट्रोल रूम के माध्यम से और सख्त निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आजमगढ़, मऊ व बलिया जिले अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह नकल रोकने के सख्त इंतजाम करें। प्रश्नपत्रों के रखरखाव के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों में स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्र रखे जाएंगे और इनमें सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। 24 घंटे इनकी ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था होगी। प्रश्नपत्रों को रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर दो अलमारी की व्यवस्था की जाएगी। डबल लाक में प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। एक आंतरिक केंद्र व्यवस्थापक और दूसरे वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के पास चाबी रहेगी। सीसी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहेंगे और संपूर्ण परीक्षा के दौरान की गई रिकॉर्डिंग को छह महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा केंद्र में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पर्चा लीक होने पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, आंतरिक व वाह्य केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे।
अपर मुख्य सचिव की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें आजमगढ़ समेत कई जनपद अति संवेदनशील में शामिल हैं। इन पर विशेष निगरानी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी। विभाग बोर्ड परीक्षा को सकुशल कराने के लिए तैयारियां तेज कर दिया है।