वाराणसी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के साथ ही जुमे की नमाज को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दालमंडी से शुरू होकर श्री काशी विश्वनाथ धाम होते हुए गोदौलिया तक पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को जरूरी निर्देश दिए।
रूट मार्च के दौरान पुलिस आयुक्त ने मार्ग का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर त्यौहारों के दौरान अनुशासन और सहयोग बनाए रखने की अपील की।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, भरत मिलाप और शुक्रवार की नमाज़ को ध्यान में रखते हुए वाराणसी पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नज़र रख रहे थे।
भरत मिलाप को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे। करीब एक लाख श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और मार्गों पर विशेष पुलिस व्यवस्था की गई थी। पूरे मार्ग और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से इनकी रीयल-टाइम मॉनिटरिंग हो रही है।
क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया था, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। विसर्जन जुलूसों के लिए व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई थी। रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण के विशेष उपाय लागू किए गए थे।
भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील मार्गों पर पुलिसकर्मी छतों पर तैनात रहकर निगरानी कर रहे थे। रूट मार्च के दौरान पुलिस आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सभी की भागीदारी आवश्यक है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि “त्यौहारों और विशेष आयोजनों के दृष्टिगत वाराणसी पुलिस पूर्ण सतर्कता और चौकसी के साथ कार्य कर रही है। शहर की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।” रूट मार्च में पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध शुभम कुमार सिंह, संबंधित थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी शामिल रहे।