बाल निकेतन स्कूल,बरेका में मोबाइल एप आधारित आधार इनेबल्ड बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली का प्रशिक्षण

6 / 100 SEO Score

वाराणसी । रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार एवं बरेका महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में मोबाइल एप आधारित आधार इनेबल्ड बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम (AEBAS) के सफल क्रियान्वयन हेतु व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 08/10/2025 को बरेका महिला कल्याण संगठन के तत्वाधान मे संचालित बाल निकेतन स्कूल के प्रांगण मे प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ कर्मचारियों को इस अत्याधुनिक उपस्थिति प्रणाली के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बरेका महिला कल्याण संगठन की तरफ से कोषाध्यक्ष,श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव, इंचार्ज-1,श्रीमती राखी गुप्ता, सचिव,श्रीमती श्वेता सिंह, इंचार्ज- 2,श्रीमती मीनाक्षी सिंह, एवं प्रधानाचार्य,श्रीमती रश्मि श्रीवास्तव मौजूद रहीं|

प्रशिक्षण के दौरान संगणक केंद्र के आई.टी. विशेषज्ञों द्वारा मोबाइल एप आधारित AEBAS की कार्यप्रणाली, उपयोग के तरीके और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और बताया गया कि यह प्रणाली यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) से संबद्ध बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से कार्य करती है, जिससे कर्मचारी अपने कार्यालय परिसर से ही एंड्रॉयड या iOS मोबाइल एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं। यह उपस्थिति रीयल टाइम में केंद्रीय सर्वर से समन्वित होती है, जिससे उपस्थिति प्रबंधन अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और तकनीकी रूप से उन्नत हो जाती है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक,श्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में आंकड़ा संसाधन प्रबंधक,श्री सुरेंद्र कुमार, वरिष्ठ अभियंता (आई.टी.),श्री नईम अख्तर एवं श्री प्रमोद कुमार द्वारा किया गया। इन प्रशिक्षकों ने कर्मचारियों को एप इंस्टॉल करने से लेकर उपयोग की प्रत्येक प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि बरेका में यह प्रणाली 1 जुलाई 2025 से नियमित रूप से लागू की जा चुकी है,जिससे उपस्थिति प्रणाली में पारदर्शिता, समय की बचत तथा प्रशासनिक दक्षता सुनिश्चित हो रही है। यह तकनीकी पहल न केवल बरेका को एक स्मार्ट एवं उत्तरदायी कार्यस्थल की ओर अग्रसर करती है, बल्कि भारतीय रेल की डिजिटल प्रगति को भी मजबूत आधार प्रदान करती है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!