ब्यूरो- एजाज अहमद के साथ मु० सरफराज
बलिया- विकास खण्ड मनियर अंतर्गत ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में रविवार को विद्यालय प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से “गांव बचाओ संघर्ष समिति” का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुग्रीम यादव ने की।
बैठक में विधान सभा बांसडीह की विधायिका केतकी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा —
> “मैंने अपने क्षेत्र में अब तक आठ ठोकरों का निर्माण कराया है। सुल्तानपुर में भी ठोकर अवश्य बनेगा, यह मेरा वादा है। क्षेत्र की समस्याओं का समाधान मेरी प्राथमिकता है।”
विधायिका के संबोधन के दौरान ग्रामीणों ने तालियाँ बजाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके कार्यों की सराहना की।
ग्राम प्रधान सुग्रीम यादव ने कहा —
> “हमारा गांव वर्षों से गंगा कटान की समस्या से जूझ रहा है। अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर अपने गांव को बचाने के लिए संघर्ष करें। गांव बचाओ संघर्ष समिति इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।”
पूर्व राजस्व निरीक्षक निर्भय सिंह ने विधायिका से अनुरोध किया कि सुल्तानपुर की जनता पर जो बैंक का कर्ज है, उसे माफ कराया जाए। उन्होंने कहा कि गांव के लोग बाढ़ और कटान से त्रस्त हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है।
उन्होंने आगे कहा —
> “गांव की समस्याओं को लेकर सभी को एकजुट रहना होगा, तभी ठोकर निर्माण और अन्य विकास कार्य तेजी से हो सकेंगे।”
बैठक में ग्रामीणों की ओर से विधायिका को छह सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया।
पूर्व प्रधान विजय यादव ने कहा —
> “गांव की जनता जागरूक है, बस हमें एक स्वर में अपनी मांगों को उठाना है।”
पूर्व प्रधान शिवजी सिंह ने कहा —
> “गांव बचाओ संघर्ष समिति के गठन से अब हमारी आवाज़ प्रशासन तक मजबूती से पहुंचेगी।”
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने समिति को पूर्ण समर्थन देने और ठोकर निर्माण सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तय करने का संकल्प लिया।
भाजपा नेता रविंद्र सिंह ने कहा कि सुल्तानपुर गांव के अस्तित्व को बचाने के लिए ग्रामीणों का एकजुट प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि “गांव भी बचेगा और ठोकर भी लगेगा।”
भारत सिंह ने कहा कि “माननीय विधायिका जी निश्चित तौर पर ठोकर का निर्माण कराकर गंगा कटान को रोकने का कार्य करेंगी, जिससे गांव सुरक्षित रहेगा।”
इस अवसर पर सुल्तानपुर की सम्मनित महिलाएँ एवं पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायिका के प्रयासों की सराहना की और गांव बचाओ संघर्ष समिति को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
इसके बाद राजेश सिंह (विधायक प्रतिनिधि), ग्राम प्रधान दुर्गीपुर, भाजपा नेता ,कन्हैया सिंह, तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, उपाध्या ने भी अपने विचार रखे और ठोकर निर्माण की मांग को जायज बताया।