अमेठी। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य जारी है। यह अभियान 04 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक संचालित हो रहा है, जिसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण, उसे भरवाने और उसका डिजिटाइजेशन कर रहे हैं।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में केवल 0.31% गणना प्रपत्रों का ही डिजिटाइजेशन हो सका है, जो अपेक्षाकृत बहुत कम है। इस पर गंभीरता व्यक्त करते हुए आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पुनरीक्षण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध है, इसलिए इसे 04 दिसंबर 2025 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्षों व विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जिन कर्मचारियों को बीएलओ या सुपरवाइजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें 04 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक बायोमैट्रिक, आधार-आधारित, फेस रिकॉग्निशन या सामान्य उपस्थिति से मुक्त रखा जाए, ताकि वे पूर्ण समय SIR के डिजिटाइजेशन कार्य में लगा सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित समयावधि के भीतर सभी कार्य समयबद्ध, प्राथमिकता एवं गंभीरता के साथ पूर्ण किए जाएं।