अमेठी। पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर डीहवा गांव में गुरुवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुए एक दिल दहला देने वाले मामले ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घरेलू विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी स्वर्गीय शिवकरन वर्मा के तीन पुत्र—राकेश वर्मा, रोहित वर्मा और दिनेश वर्मा हैं। रोहित वर्मा सूरत में रहते हैं, जबकि राकेश वर्मा (50) और छोटा भाई दिनेश घर पर ही रहते थे। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे किसी बात को लेकर राकेश और दिनेश के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद राकेश खेत में लगी आलू की पौध में मेड़ी चढ़ाने चला गया।
इसी दौरान पीछे से पहुंचे छोटे भाई दिनेश वर्मा ने गुस्से में आकर राकेश के हाथ से कुदाल छीन ली और उसी से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों की वजह से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी दिनेश वर्मा ने मृतक भाई के शव को लगभग 300 मीटर दूर झाड़ियों में घसीटकर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक राकेश वर्मा की पत्नी का निधन करीब 15 वर्ष पहले हो चुका था। उनके परिवार में 30 वर्षीया बेटी सोनम वर्मा और लगभग 25 वर्षीय बेटा सोहित वर्मा है। पिता की हत्या की खबर से पूरा परिवार शोक और सदमे में है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी दिनेश वर्मा की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतक के छोटे भाई की पत्नी आशा देवी पत्नी स्वर्गीय बृजेश वर्मा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।