अमेठी। पुलिस अधीक्षक अमेठी श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराधियों की धर-पकड़ और ‘नशा मुक्त अमेठी अभियान’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना श्री अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुसाफिरखाना पुलिस को गुरुवार को बड़ी कामयाबी मिली। अभियान के दौरान तलाश वांछित, क्षेत्र भ्रमण एवं संदिग्ध वाहन चेकिंग के समय पुलिस टीम ने पल्सर मोटरसाइकिल संख्या यूपी 36 डब्लू 4079 पर सवार एक युवक को रोका। वाहन के कागज़ मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस दौरान पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 110 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित यादव पुत्र श्यामलाल निवासी मुडियापुर, किशुनदासपुर, थाना मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 21 वर्ष बताई गई। पुलिस ने उसके खिलाफ मु0अ0सं0 300/25 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है, साथ ही बिना कागज़ के मोटरसाइकिल होने के कारण धारा 207 एमवी एक्ट के तहत वाहन को भी सीज कर दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित, हेड कांस्टेबल नीरज यादव और कांस्टेबल जोखन यादव शामिल रहे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 149/23 धारा 392 व 411 भादवि थाना मुंशीगंज में तथा मु0अ0सं0 269/24 बीएनएस व आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं के तहत थाना बल्दीराय, जनपद सुल्तानपुर में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके।