अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में विद्युतीकरण एवं फर्नीचर से संतृप्ति की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही CSR के माध्यम से सहयोग प्रदान किए जाने का अनुरोध किया गया।
नगरीय क्षेत्रों के ऐसे विद्यालय, जहाँ शौचालय और मूत्रालय का अभाव है, उनकी सूची जिलाधिकारी को सौंपी गई तथा नगर पंचायत/नगर पालिका के माध्यम से निर्माण कराए जाने का अनुरोध किया गया।
जिलाधिकारी ने RTE योजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष बच्चों के प्रवेश की प्रगति की समीक्षा की।
समेकित शिक्षा व मध्यान भोजन योजनाओं पर चर्चा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक विद्यालय में किचन गार्डन अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएँ। मौसम के अनुसार बीज उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बच्चे विद्यालय परिसर में उगाई जाने वाली सब्जियों से प्रत्यक्ष रूप से सीख सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार द्विवेदी, सभी खंड शिक्षाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।