अयोध्या। जय बजरंग सेना के प्रदेश अध्यक्ष पंडित कृष्णानंद शर्मा अपने अयोध्या दौरे के दौरान धर्मनगरी पहुंचे, जहां उन्होंने सर्वप्रथम महाबली हनुमान का विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन किया। दर्शन-पूजन के बाद श्री शर्मा ने अयोध्या स्थित प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी में पहुंचकर वहां के महंत राजू दास एवं वर्तमान महंत दीपक दास से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर जय बजरंग सेना के प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक सिंह चौहान, संगठन के सलाहकार प्रदीप कुमार गौतम, अंबेडकर नगर जिले के जय बजरंग सेना जिला अध्यक्ष अशोक राणा, सहयोगी बलराम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने महाबली हनुमान के चरणों में शीश नवाकर संगठन की उन्नति, समाज की एकता एवं राष्ट्रहित की कामना की।
हनुमानगढ़ी परिसर में हुई इस मुलाकात के दौरान संगठन के विस्तार, संरचना को मजबूत करने तथा प्रदेश स्तर पर जनसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष पंडित कृष्णानंद शर्मा ने कहा कि जय बजरंग सेना समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
वहीं महंत राजू दास एवं महंत दीपक दास ने जय बजरंग सेना के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन आने वाले समय में सनातन धर्म के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए एक मजबूत ध्वजवाहक सिद्ध होगा तथा हिंदू समाज को एकजुट कर उसे नई दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, सेवा और राष्ट्रहित के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
दौरे के दौरान धार्मिक वातावरण और संगठनात्मक विमर्श ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया, जिससे जय बजरंग सेना को भविष्य में और व्यापक जनसमर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।