संघ शताब्दी वर्ष: राष्ट्र, समाज और संस्कृति पर हुआ मंथन

2 / 100 SEO Score

अमेठी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को अमेठी नगर के रामलीला मैदान स्थित श्रीराम बस्ती में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।

संघ के सौ वर्षों की यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों का उद्देश्य समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करना है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा कि हिंदुओं की एकता, आत्मीयता और बंधुत्व की भावना से ही राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हित का चिंतन ही हिंदू चिंतन है। यदि भारत को विश्व पटल पर सर्वोच्च स्थान दिलाना है, तो प्रत्येक भारतवासी को अपने जीवन के साथ-साथ समाज, धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के लिए भी कार्य करना होगा।

संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर उन्होंने पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कुटुंब प्रबोधन आज की आवश्यकता है, क्योंकि परिवार छोटे होते जा रहे हैं। सामाजिक समरसता के अंतर्गत वर्णों के बीच उत्पन्न भेदभाव को समाप्त करना होगा। पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने वृक्षारोपण, प्लास्टिक के कम उपयोग और जल संरक्षण की अपील की। साथ ही नागरिक कर्तव्यों के पालन और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से स्व के भाव को जागृत करने की बात कही।

मुख्य अतिथि श्री अभय चैतन्य फलाहारी मौनी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार सोना-चांदी एवं अन्य धातुओं को समय-समय पर शुद्ध किया जाता है, उसी प्रकार हिंदू समाज को जागृत और संगठित करने के लिए ऐसे सम्मेलनों की आवश्यकता है। उन्होंने जाति विभेद के नाम पर राजनीति को राष्ट्रहित के विरुद्ध बताया तथा हिंदू पलायन जैसी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने और छुआछूत व ऊँच-नीच की भावना को समाप्त करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को मातृशक्ति रेखा यादव, अध्यक्ष चिरौंजी लाल, पूर्व शिक्षक राम बरन कोरी एवं भाजपा नेता राजेश अग्रहरि ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में जिला प्रचारक पवन, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, दिनेश तिवारी, प्रखर शुक्ला, बी.पी. मिश्र, टी.एन. उपाध्याय, घनश्याम चौरसिया, अंबिका पांडेय, युवराज सिंह, संजय कुमार, रामराज, दिव्यांश मिश्र, डॉ. धर्मेंद्र कुमार तिवारी, निमिषा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। संचालन दिलीप सिंह ने किया।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!