अमेठी। महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज–5.0 के अंतर्गत जनपद अमेठी में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर, विकास खण्ड अमेठी में स्वावलंबन कैम्प (मेगा इवेन्ट) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “मिशन शक्ति अभियान 5.0” की थीम “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के अंतर्गत आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान के निर्देशानुसार तथा उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला एवं बालिका सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड), स्पॉन्सरशिप योजना एवं पति की मृत्यु के उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं से संबंधित पम्पलेट एवं मिशन शक्ति के फोल्डर वितरित कर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090 तथा आपातकालीन सेवा 112—की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बाल श्रम एवं बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई अमेठी से आउटरीच कार्यकर्ता गुलाब पाल एवं दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।