अमेठी। थाना संग्रामपुर क्षेत्र के संग्रामपुर निवासी एवं कालिकन मंदिर के पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान शुक्रवार की रात करीब 11 बजे मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिकृष्ण मिश्रा (45 वर्ष), पुत्र गोविंद नारायण मिश्रा, मोटरसाइकिल से कालिकन–चंद्रिकन मार्ग होते हुए अपने घर संग्रामपुर जा रहे थे। इसी दौरान खरेथू मोड़, मजरा नेवादा कनू के पास अचानक एक आवारा कुत्ता उनकी मोटरसाइकिल के सामने आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही काफी खून बह गया।
राह से गुजर रहे एक राहगीर ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी साधन से प्रतापगढ़ लेकर गए, जहां से भी जवाब मिलने पर प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
हरिकृष्ण मिश्रा अपने पिता के तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। वे कालिकन धाम में पुजारी थे तथा वहीं प्रसाद की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र ओम मिश्रा (17 वर्ष) और एक पुत्री (15 वर्ष) को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे नाबालिग हैं।
मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।