आजमगढ़ में दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, पुलिस मौके पर पहुंची भूमि विवाद का मामला बताया जा रहा है

7 / 100 SEO Score

आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में बृहस्पतिवार की देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने पहले ट्यूबेल पर सो रहे जगदम्बा प्रसाद यादव (70) की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद करीब 400 मीटर दूर उनके घर पहुंचकर बरामदे में सो रहे उनके पोते श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित (25) की भी कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है।
अंकित के बगल में चारपाई पर सो रही उसकी दादी फूलकुमारी को कुछ आहट सुनाई दी। उन्होंने अंकित को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने दरवाजा खटखटाकर घर के अंदर सो रहे अंकित के भाइयों शिवराज और शिव कुमार को जगाया। दोनों बाहर निकले तो अंकित गंभीर रूप से घायल पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल अंबेडकर नगर जनपद के नगपुर जलालपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन ट्यूबेल पर सो रहे उसके दादा जगदम्बा प्रसाद यादव को बुलाने पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला। उनकी भी गला काटकर हत्या की जा चुकी थी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने मृतक अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और करीब तीन माह पहले ही घर आया था। अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने बताया कि पड़ोसियों से भूमि विवाद को लेकर पहले मारपीट हुई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश में दादा और भाई की हत्या की गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!