वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के थाना रामनगर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस एक्सएल-100 मोटरसाइकिल, एक कीपैड मोबाइल फोन, दो फर्जी नंबर प्लेट, बाइक की दो चाबियां तथा ₹3,50,160 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रामनगर थाना क्षेत्र की विश्वमित्र नगर कॉलोनी में चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर आरोपी असलम पुत्र मरहूम अल्ला रखा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी थाना रामनगर में दर्ज मु.अ.सं. 152/2026 के तहत चोरी के मामले में वांछित चल रहा था।
बरामद मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो नंबर प्लेट, बाइक की दो चाबियां, एक कीपैड मोबाइल फोन तथा ₹3.50 लाख से अधिक की नकदी बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर वाराणसी और चंदौली जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर समेत 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे वह एक शातिर एवं आदतन अपराधी माना जाता है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के निर्देशन में रामनगर पुलिस टीम ने किया। टीम में चौकी प्रभारी करसड़ा उपनिरीक्षक शिवम सोनी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।