आजमगढ़: भीमबर में नई पुलिस चौकी का शिलान्यास, ASP ग्रामीण चिराग जैन ने किया भूमि पूजन

7 / 100 SEO Score

आजमगढ़। जनपद के थाना बिलरियागंज क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित भीमबर पुलिस चौकी का भूमि पूजन एवं शिलान्यास बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने विधि-विधान के साथ किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सगड़ी, संबंधित लेखपाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि नई पुलिस चौकी के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को त्वरित और सुलभ पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा।
अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित भीमबर पुलिस चौकी लगभग दो बिसवा भूमि पर निर्मित की जाएगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस चौकी में पुलिस कार्यालय, चौकी प्रभारी का आवास, पुलिस कर्मियों के लिए बैरक, मेस, शौचालय, स्नानागार सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पुलिस विभाग का कहना है कि आधुनिक आधारभूत संरचना से सुसज्जित यह नई पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करेगी। साथ ही कानून-व्यवस्था के बेहतर संचालन, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आजमगढ़ पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि जनसहभागिता एवं आधुनिक पुलिसिंग के माध्यम से आमजन को बेहतर, सुलभ और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्ध है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!