टीवी रोजगार सृजन योजना में देश में जिले को पहला स्थान

आजमगढ़: सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का संचालन किया जाता है। इस योजना के तहत युवाओं को उद्योग विभाग के जरिए बैंकों से ऋण देकर रोजगार शुरू कराया जाता है।शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक लोगों को ऋण वितरण कर रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जनपद इस मामले में पूरे देश में पहले स्थान पर आया है। इसके लिए बैंक के एलडीएम को सम्मानित भी किया गया।
वर्तमान में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योग विभाग द्वारा तीन योजनाओं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी योजना का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत जनपद को कुल तीन करोड़ 16 लाख रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य शासन की ओर से दिया गया था। इस योजना में अब तक 318 लोगों में 11 करोड़ 26 लाख का ऋण बांटा गया। विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत जनपद को दो करोड़ 76 लाख का लक्ष्य आवंटित किया गया था। इसके सापेक्ष विभाग द्वारा अब तक 102 युवाओं में दो करोड़ 92 लाख रुपये का ऋण वितरण किया जा चुका है। वहीं ओडीओपी योजना के तहत जिले को एक करोड़ 30 लाख रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष उद्योग विभाग द्वारा बैंकों के माध्यम से 82 लाभार्थियों में दो करोड़ 40 लाख रुपये के ऋण का वितरण किया जा चुका है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत अच्छा कार्य करने पर एलडीएम यूबीआई को सम्मानित भी किया जा चुका है।
जनपद में युवाओं को रोजगार देने के लिए शासन की ओर से तीन योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं में जनपद को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष हमारी प्रगति 100 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। अभी यह संख्या और बढ़ेगी। वहीं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना में देश में अच्छा कार्य करने पर एलडीएम को सम्मान भी मिल चुका है। – साहब सरन रावत, उपायुक्त उद्योग।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!