*सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर, साइबर ठगी से बचाव को किया जागरूक*
अमेठी, गौरीगंज। 21 नवंबर 2025। पुलिस कार्यालय गौरीगंज स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारियों के साथ सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बड़ी संख्या में व्यापारी बैठक में शामिल हुए और सुरक्षा संबंधी मुद्दों व अपनी समस्याओं से एएसपी को अवगत कराया।
एएसपी सिंह ने #ऑपरेशन_दृष्टि के तहत व्यापारियों को अपने सभी प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारिक क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
एएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि
“पुलिस हर स्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ी है, किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत सूचना दें।”
गोष्ठी में बढ़ रहे साइबर अपराधों पर भी विशेष सत्र रखा गया। एएसपी ने बताया कि ठगी के अधिकांश मामले अज्ञात कॉल, ओटीपी साझा करने, फर्जी लिंक पर क्लिक करने तथा बैंकिंग जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने से हो रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों को सावधान करते हुए कहा कि
“किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक के माध्यम से व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।”
एएसपी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को भी समय-समय पर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक स्वेताभ भास्कर भी मौजूद रहे और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापारियों के सुझाव सुने।