सहकारी समिति की मशीन खराब, किसानों को नहीं मिल रही डीएपी

6 / 100 SEO Score

*गेहूं की बुवाई पर मंडराया संकट, 15 दिनों से वितरण पूरी तरह ठप*

अमेठी, संग्रामपुर। रबी सीजन की गेहूं बुवाई अपने चरम पर है, लेकिन करौंदी सहकारी समिति केंद्र पर डीएपी खाद वितरण ठप पड़ने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। केंद्र पर खाद उपलब्ध होने के बावजूद वितरण मशीन खराब होने के कारण किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। पिछले लगभग पंद्रह दिनों से एक भी बोरी किसानों को उपलब्ध नहीं कराई गई है।

ग्रामीणों के अनुसार समिति केंद्र पर प्रतिदिन सैकड़ों किसानों की भीड़ जुट रही है, लेकिन सभी को “मशीन खराब है” कहकर वापस भेजा जा रहा है। लगातार इंतजार और चक्कर काटने के बाद भी किसानों के हाथ मायूसी ही लग रही है। किसानों का कहना है कि बुवाई का समय निकलता जा रहा है और खतरा है कि गेहूं बोने की अंतिम तिथि देर होने पर उत्पादन प्रभावित होगा।

केंद्र प्रभारी ने बताया कि इफको द्वारा उपलब्ध कराई गई मशीन अपडेट न होने के कारण वितरण रोकना पड़ा है। तकनीकी खामी दूर होने के बाद ही वितरण शुरू होगा।

राजापुर अमेरूवा निवासी किसान विजय नारायण मिश्र ने बताया,
“कल सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैठा रहा लेकिन खाद नहीं मिली। आज फिर सुबह से आया हूं, लेकिन मशीन खराब होने की बात कहकर लौटा दिया गया।”

ठेंगहा गांव के पंकज मिश्र ने कहा,
“दो दिनों से समिति का चक्कर लगा रहा हूं। मशीन हर बार खराब बताई जा रही है, जबकि खाद भंडारण में पड़ी है। यह सीधा किसानों के साथ अन्याय है।”

किसानों ने प्रशासन से मशीन की तत्काल मरम्मत कराकर डीएपी वितरण शुरू करने की मांग की है, ताकि समय पर बुवाई हो सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!