अतरौलिया। मदियापार–अहिरौला मार्ग स्थित शहीद उपवन में शुक्रवार को 1962 के भारत–चीन युद्ध के अमर वीर शहीद भगवती प्रसाद सिंह के शहादत दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में भारी जनसमूह उमड़ पड़ा। लोगों ने आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर सपूत को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि राजाराम सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष (लालगंज) विनोद राजभर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन खालिद आज़मी ने किया। मुख्य अतिथि अरुण राजभर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते समय भावुक हो उठे। उन्होंने कहा मैं उस मिट्टी और उस माँ को प्रणाम करता हूँ, जिसने ऐसा वीर सपूत जन्मा। शहीदों के सम्मान में मैं हर संभव कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि शहीद परिवार की हर जरूरत पर वे सदैव साथ रहेंगे। विशिष्ट अतिथि विनोद राजभर ने कहा कि लद्दाख की कड़ाके की ठंड में शहीद भगवती प्रसाद सिंह ने जिस शौर्य और साहस से दुश्मन से मुकाबला किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और भी अधिक सशक्त हो रहा है। आरपीएस पब्लिक स्कूल नाऊपुर के बच्चों ने देशभक्ति गीत और नाट्य मंचन के माध्यम से उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। गायक कलाकार दुष्यंत शुक्ला की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार किया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा दी गई सलामी मन को छू गई।
कार्यक्रम में शहीद की एकमात्र पुत्री सुदामा देवी भी मौजूद रहीं, जिन्हें मुख्य अतिथियों ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मंच से अन्य आए हुए अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जंग बहादुर सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, हरीश तिवारी, गुडलक सिंह, संतोष यादव, फूलचंद यादव, ज्ञानचंद, भालचंद्र त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, मास्टर राजेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, कवि राहगीर, लक्ष्मण मौर्य, सत्य प्रकाश सिंह, मुन्नू सिंह, राजेश सिंह, अखंड सिंह तथा शहीद परिवार से भोजपुरी अभिनेता अथर्व सिंह, विपिन सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राजेंद्र सिंह ने सभी आगंतुकों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।