ग्राम कोहरा में गणना प्रपत्र वितरण व डिजिटलाइजेशन में लापरवाही पर कई जिम्मेदारों पर गिरी गाज
अमेठी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संजय चौहान ने सोमवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत तहसील अमेठी सभागार में चल रहे डिजिटलाइजेशन कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं तकनीकी सहायकों को कार्य की सुचारू प्रगति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय कोहरा पहुंचकर घर-घर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण तथा डिजिटलाइजेशन की प्रगति की औचक समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए खंड विकास अधिकारी अमेठी बृजेश सिंह को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश जारी किए। वहीं ग्राम सभा कोहरा की सचिव कीर्ति सिंह, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, सफाई कर्मचारी तथा बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही सुपरवाइजर/लेखपाल को चेतावनी जारी करने को कहा गया।
इसके क्रम में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह द्वारा खंड विकास अधिकारी को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए विकासखंड अमेठी के एसआईआर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने हेतु प्रवीण कुमार को विशेष प्रभार सौंपा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान तभी सफल होगा जब प्रत्येक अधिकारी–कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करे। उन्होंने निर्देशित किया कि गणना प्रपत्र समय से मतदाताओं तक पहुंचें तथा उन्हें प्रपत्र भरने की संपूर्ण प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेताया कि इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता नामांकन से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न रह जाए। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है।
ज्ञातव्य है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 4 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में बीएलओ घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और मतदाताओं द्वारा प्रपत्र भरने के उपरांत पुनः एकत्रित कर डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। जिलाधिकारी ने अपील की है कि “सभी नागरिक अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्र अवश्य भरें।”