अ
मेठी। पुलिस अधीक्षक अमेठी श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात जागरूकता माह नवंबर के 24वें दिन सोमवार को व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र गौरीगंज स्थित एम.जे.एस. मेमोरियल ग्रीन वैली इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम के आवश्यक तरीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्रों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने यातायात चिन्हों पर आधारित आकर्षक चित्र बनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
इसी क्रम में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ की गई कार्रवाई में कुल 210 वाहनों का चालान करते हुए 2,35,000 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सुरक्षित यात्रा हेतु हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा यातायात नियमों का सम्मान कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।