भेटुआ, अमेठी। ग्राम पंचायत गुंगवाछ स्थित कम्पोजिट विद्यालय गुंगवाछ के पूरे शिक्षकीय व गैर–शिक्षकीय स्टाफ पर देर से स्कूल आने का आरोप लगा है। मामले में शिकायत मिलने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी स्टाफ को नोटिस जारी कर दिया है।
ग्राम प्रधान आशा तिवारी द्वारा 20 नवंबर को की गई शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई में बीएसए ने स्पष्ट कहा है कि समय से विद्यालय न पहुंचना आचरण नियमावली का गंभीर उल्लंघन है। नोटिस में सभी कर्मचारियों को एक सप्ताह के अंदर बीएसए कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित समय सीमा में जवाब न देने की स्थिति में कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बीएसए कार्यालय से जारी पत्र की प्रति जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी भेटुआ को भी भेजी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में स्टाफ का नियमित रूप से देरी से पहुंचना लंबे समय से चर्चा का विषय था, जिस पर अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।