संग्रामपुर (अमेठी)। थाना संग्रामपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ निमंत्रण से लौटते समय एक बुजुर्ग की अचानक गिरकर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सरैया पसियान मजरा सरैया कनू निवासी राम सिद्ध (70 वर्ष), पुत्र मूसई, किसी पारिवारिक निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पर कालिका–शीतलागंज मार्ग पर डिहवा बाग के पास स्थित पुलिया के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क किनारे गिर पड़े।
बुजुर्ग को गिरा हुआ देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें संभालने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर देखते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी गई। परिजनों के साथ एम्बुलेंस द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बुजुर्ग की पहले ही मौत हो चुकी थी।
राम सिद्ध गांव के सम्मानित और बुजुर्ग व्यक्तियों में गिने जाते थे। उनकी अचानक मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर के मुखिया के यूं अचानक चल बसने से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में साथ देने की बात कही।