मुसाफिरखाना–गौरीगंज मार्ग पर दखिन गांव के पास देर शाम हुए दर्दनाक हादसे में एक ऑटो सवार युवती की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में ऑटो सवार अमन, विमला, रोशनी और भोला गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को असैदापुर स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने 19 वर्षीय रोशनी, निवासी वरना, की नाजुक हालत देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवती की मौत से परिवार में मातम का माहौल है और पूरे गांव में शोक फैल गया है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ट्रैक्टर चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए जांच कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर कड़ी निगरानी व नियंत्रण की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।