हैदरगंज क्षेत्र में विद्युत विभाग का मेगा कैंप, उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत

9 / 100 SEO Score

सत्य सवेरा संवाददाता अयोध्या

अयोध्या/हैदरगंज। विद्युत उपकेंद्र केरलालाल खा के तत्वावधान में ग्राम पंचायत कुआंडांड में शुक्रवार सुबह 10 बजे से मेगा विद्युत समाधान कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कैंप में दूर-दराज़ से आए उपभोक्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बिजली विभाग की योजनाओं का लाभ उठाया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बकाया उपभोक्ताओं को राहत देना और उन्हें विभाग द्वारा संचालित नई उपभोक्ता-हितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।

कैंप में उपभोक्ताओं को बिजली बिलों पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट, ब्याज माफी, तथा मूल धनराशि पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। इसके अलावा शेष राशि का भुगतान उपभोक्ता सरल मासिक किस्तों में कर सकेंगे, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

अवर अभियंता देवी चंद भारती ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि कोई भी उपभोक्ता बिजली बिल के बोझ से परेशान न रहे। उन्होंने बताया कि यह कैंप ऐसे उपभोक्ताओं के लिए एक सुनहरा अवसर है जिनका घरेलू कनेक्शन बकाया के कारण कट गया है या बकाया राशि अधिक होने की स्थिति में भुगतान करने में असमर्थ थे। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाकर नियमित उपभोक्ता बनने की दिशा में आगे आएं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विद्युत उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं का पंजीकरण लगातार किया जा रहा है तथा पात्रता के आधार पर लाभ तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा। कैंप के दौरान उपभोक्ताओं की शिकायतें एवं समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में संतोष का भाव दिखाई दिया।

कैंप में फीडर मैनेजर आनंद मिश्रा, प्रवेश कुमार, विद्युत सखी चंद्रावती, लाइन स्टाफ राकेश, रामाशीष, चंद्रभान, दुर्गेश सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और व्यवस्था संभाली। कार्यक्रम के दौरान बिजली व्यवस्था में सुधार, फाल्ट सुधार व्यवस्था, ओवरलोडिंग रोकथाम एवं ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

उपभोक्ताओं ने कैंप की पहल को सराहते हुए कहा कि इससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है और विभागीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सहजता बढ़ी है।

Share

Leave a Reply