अमेठी में हत्या के बाद बवाल, 24 घंटे बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार शव लेकर सड़क पर उतरे परिजन, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

3 / 100 SEO Score

अमेठी। निर्माणाधीन बैकुंठ धाम अंत्येष्टि स्थल पर केयरटेकर की निर्मम हत्या के बाद जिले में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हत्या के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद परिजनों और ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन सड़क पर उतर आए और पुलिस प्रशासन से तीखी नोकझोंक हुई।

जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के गूंगेमऊ गांव में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। स्थानीय भाजपा विधायक और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस द्वारा की गई बैरिकेटिंग तोड़ दी और खेतों के रास्ते शव को लेकर मुख्य सड़क पर पहुंच गए।

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। हालात को काबू में रखने के लिए आसपास के करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। परिजन मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने और तत्काल हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

गौरतलब है कि बीते दिन जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बैकुंठ धाम अंत्येष्टि स्थल पर तैनात केयरटेकर की किसी ठोस वस्तु से सिर पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को करीब 50 मीटर तक घसीटा और सड़क किनारे फेंक दिया। घटनास्थल पर मिले निशानों से वारदात की नृशंसता साफ झलकती है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एएसपी, सीओ और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में अंत्येष्टि स्थल के चौकीदार समेत एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।

हालांकि परिजनों का आरोप है कि अभी तक असली हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। परिजनों का साफ कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

Share

Leave a Reply