सुलतानगंज (भागलपुर)। देवाधिदेव महादेव को समर्पित पावन सावन माह की शुरुआत के साथ ही सुलतानगंज स्थित नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) से श्रावणी मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर पूरा वातावरण “बोल-बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। देश-विदेश से पहुंचे लाखों शिवभक्तों ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पवित्र गंगाजल लेकर अपनी कांवड़ यात्रा आरंभ की।
श्रावणी मेले के उद्घाटन अवसर पर कहा गया कि सावन केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, श्रद्धा और भक्ति का महापर्व है। इसी आस्था को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यात्रा के लिए व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। कांवड़ पथ पर चिकित्सा शिविर, पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण तथा आपदा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही 24 घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम और आपातकालीन सहायता सेवाएं भी सक्रिय हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से अपनी यात्रा पूरी करें। पूरे श्रावणी मेले के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए रखेंगे।
श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ ही सुलतानगंज से बाबा नगरी देवघर तक आस्था की अविरल धारा बह निकली है। बोल-बम के जयघोष और शिवभक्ति से सराबोर वातावरण श्रद्धालुओं के उत्साह और विश्वास का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।